गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक मामला सामने आया, जिसमें नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाने की घटना हुई। यह घटना दो महीने पहले, 21 जनवरी को घटी थी।
बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पिता ने बताया कि नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराडीह निवासी अलख राम का 21 वर्षीय पुत्र प्रमोद राम उसकी बेटी से मेलजोल बढ़ा रहा था, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गया।
प्रमोद राम ने लड़की को शादी का झांसा देकर उसका अपहरण कर लिया और उसे लेकर विढ़मगंज मंदिर पहुंचा, जहां दोनों ने शादी रचा ली। इसके बाद, डर के कारण दोनों गुजरात भाग गए। लड़की के पिता ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब बेटी का कोई पता नहीं चला तो अंततः बरडीहा थाना में केस दर्ज कराया। मामला कांड संख्या 1025, धारा 87, 137 (2) बीएनसी के तहत दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पता चला कि दोनों गुजरात में हैं। इसके बाद, सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने गुजरात जाकर दोनों को बरामद कर लिया और बरडीहा थाना ले आई।
इसके बाद, पुलिस ने प्रेमी प्रमोद राम को गढ़वा जेल भेज दिया, जबकि नाबालिग प्रेमिका को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेजा गया।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










