पूर्व मंत्री और उनके दाहिने हाथ नीतेश सिंह के इशारे पर ही मेरी हत्या की कोशिश की गई : योगेंद्र प्रसाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची से इलाज कराकर लौटने पर मीडिया से कही

गढ़वा। चिनियां थाने के सिगसिगा खुर्द गांव निवासी व भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता योगेंद्र प्रसाद ने आरोप लगाया कि झामुमो में शामिल कराने और विभिन्न योजनाओं की जांच रोकने के दबाव में झामुमो नेता नीतेश सिंह वर्ष 2022 से ही उन्हें धमका रहे थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनकी पत्नी पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुई थी, जिसके बाद से ही नीतेश सिंह उन्हें निशाना बना रहे थे और गोली मरवाने की धमकी दे रहे थे।

योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि बरवाडीह पंचायत की मुखिया, जो कि नीतेश सिंह की पत्नी हैं, ने कागजों पर ही कई योजनाओं का निष्पादन दिखाकर लाखों रुपये की निकासी कर ली है। इनमें कूप निर्माण, मनरेगा और 15वें वित्त योजना की गड़बड़ियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 7 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे वे अपने घर से चिनियां के लिए निकले थे, तभी तहले पुलिया के पास एक सफेद अपाचे बाइक पर सवार दो व्यक्तियों ने उन पर गोली चला दी। हालांकि, गोली उनकी गर्दन में लगी और हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में उन्होंने अपने रिश्तेदारों को सूचित किया, जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें गढ़वा, मेदिनीनगर होते हुए रांची भेजा गया। अब वे इलाज कराकर वापस लौट आए हैं।

योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि झामुमो नेता नीतेश सिंह लगातार उन्हें झामुमो में शामिल होने का दबाव बनाते थे और यह कहते थे कि “हमारी सरकार है, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर हैं, तुम्हारी जांच से कुछ नहीं बिगड़ने वाला।” उन्होंने बताया कि वे सूचना अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत भ्रष्टाचार उजागर करने के लिए सूचना मांगते थे, जिससे योजनाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आई थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी हत्या की साजिश में पूर्व मंत्री के करीबी नीतेश सिंह, उनके साले नीतू सिंह और मुख्तार अंसारी समेत अन्य लोग शामिल हैं। ये सभी बार-बार धमकियां देते थे और कहते थे, “हम मंत्री जी के साथ हैं, सुधर जाओ, तुम्हारा परिवार है।”

उन्होंने बताया कि उनके भाई सुनील साव ने इस घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। योगेंद्र प्रसाद ने पुलिस प्रशासन और सरकार से मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।

भ्रष्टाचार में संलिप्त उपायुक्त पर भी हो प्राथमिकी : सत्येंद्रनाथ तिवारी

गढ़वा। भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि गढ़वा के उपायुक्त शेखर जमुआर पर भी हत्या की कोशिश का मामला दर्ज होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं में गड़बड़ियां और कमीशनखोरी रोकने को लेकर उपायुक्त ने गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके चलते योगेंद्र प्रसाद पर हमला हुआ।

विधायक ने कहा कि योजनाओं में अरबों रुपये का घोटाला हुआ है और उपायुक्त भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने आनन-फानन में पात्र किसानों को पीएम किसान योजना से बाहर कर दिया, जबकि वर्षों से दूसरे जिलों के लोग इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और भ्रष्ट उपायुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। सत्येंद्रनाथ तिवारी ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि योगेंद्र प्रसाद पर हमले की निष्पक्ष जांच की जाए और पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर की भूमिका की भी जांच की जाए।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें