भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे का आरोप: झामुमो सरकार ने बाबा बंशीधर महोत्सव का किया अपमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झामुमो सरकार पर बाबा बंशीधर महोत्सव का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस महोत्सव को धार्मिक आयोजन के बजाय झामुमो महोत्सव बना दिया, जिससे हिंदू आस्था का मज़ाक उड़ाया गया।

रितेश चौबे ने कहा कि जहां भगवान का उत्सव होता है, वहां धार्मिक आयोजन होना चाहिए, लेकिन झामुमो सरकार ने इसे रंगारंग आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में बदल दिया, जिसमें अश्लील गानों की भरमार रही। इससे हिंदू समाज आहत हुआ है।

उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में बाबा बंशीधर महोत्सव की शुरुआत हुई थी, जो भव्य और दिव्य रूप में संपन्न हुआ था। तब सरकारी बजट कम होने के बावजूद उच्चस्तरीय आयोजन किया गया था। लेकिन अब जब इस महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा मिल चुका है और अधिक राशि भी आवंटित हो रही है, तब भी कार्यक्रम महज़ खानापूर्ति तक सीमित रह गया है। चौबे ने आरोप लगाया कि सरकारी धन की बंदरबांट के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

भाजपा नेता ने कहा कि झामुमो के लोग भगवान का अपमान कर रहे हैं, जिससे हिंदू समाज के साथ-साथ अन्य समुदायों में भी नाराजगी है। कार्यक्रम के दौरान अश्लील गानों के उपयोग से माहौल बिगड़ा और हंगामे की स्थिति बनी, यहां तक कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि पूरे महोत्सव के दौरान किसी भी कलाकार ने बाबा बंशीधर का गुणगान नहीं किया, जिससे भक्तों में निराशा व्याप्त है। चौबे ने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार इस महोत्सव को पार्टी का कार्यक्रम समझ रही है, जिससे आम जनता में भारी असंतोष है।

इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन ‘रूपु’ महतो, मनोज जायसवाल समेत अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें