गढ़वा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा जिले के चिनियाँ थाना क्षेत्र में 7 मार्च 2025 को हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में गढ़वा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी एसपी दीपक कुमार पांडे ने समाहरणालय स्थित सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि मनरेगा योजना से जुड़े विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया था।

कैसे हुआ हमला?

7 मार्च को करीब 3:30 बजे सिगसिगाखुर्द गांव निवासी योगेन्द्र प्रसाद (40 वर्ष) तहले घाटी के पास थे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे योगेन्द्र की गर्दन में गोली फंस गई थी, जिसे ऑपरेशन कर निकाला गया। फिलहाल वे स्वस्थ हैं।

हमले की वजह

योगेन्द्र प्रसाद और पंचायत उपमुखिया के पति मंदीप यादव के बीच मनरेगा योजना से जुड़ा विवाद लंबे समय से चल रहा था। योगेन्द्र ने कई योजनाओं का विरोध किया था, जिससे मंदीप यादव और उसके साथियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इसी रंजिश के चलते मंदीप यादव ने जेल जाने से पहले अपने सहयोगी नितेश सिंह और अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह के साथ मिलकर योगेन्द्र की हत्या की साजिश रची।

प्लानिंग और हमला

  • नितेश सिंह और बबलू सिंह सफेद अपाची बाइक से तहले घाटी पहुंचे।
  • योगेन्द्र के वहां पहुंचते ही उनका पीछा किया।
  • बबलू सिंह ने देसी कट्टे से उन पर गोली चला दी।

पुलिस की कार्रवाई

गढ़वा पुलिस ने अनुसंधान और छापेमारी के बाद मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:

  1. अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह (ग्राम करूई, थाना मंझियांव, गढ़वा)
  2. नितेश कुमार सिंह उर्फ नीतु सिंह (ग्राम गोंगो, थाना पिपराटांड, पलामू)

बरामद सामान

  • एक देसी कट्टा
  • 0.315 बोर की एक जिंदा गोली
  • घटना में प्रयुक्त सफेद अपाची बाइक (JH-14H-0366)
  • दो मोबाइल फोन
  • अपराधियों द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े

पुलिस टीम

छापेमारी दल का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित रंजन सिंह ने किया। चिनियाँ थाना प्रभारी अमित कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस अन्य संलिप्त अपराधियों की भी तलाश कर रही है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें