डंडई सीमावर्ती क्षेत्र में पनघटवा डैम के पास शनिवार देर शाम ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में रारो गांव निवासी छोटू पासवान (20 वर्ष), पिता अवधेश पासवान, गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य युवक—हरिओम गुप्ता (19 वर्ष), पिता संजय साव, और मिथुन गुप्ता (21 वर्ष), पिता प्रभु साव—गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मिथुन गुप्ता की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जाता है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पनघटवा डैम की ओर घूमने निकले थे। डैम के पास अचानक विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटू पासवान की हालत घटनास्थल पर ही बिगड़ने लगी।
राहगीरों की मदद से छोटू पासवान को तत्काल डंडई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। परिजन उसे गढ़वा ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप और पुलिस जांच
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अगर डंडई अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद होता तो छोटू को प्राथमिक उपचार मिल सकता था और शायद उसकी जान बच जाती। वहीं, पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रैक्टर डंडई थाना क्षेत्र के बौलिया गांव का था और कनहर नदी से बालू लाने के लिए जा रहा था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










