रेड क्रॉस सोसाइटी गढ़वा जिला की कार्यसमिति बैठक संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा: रेड क्रॉस सोसाइटी गढ़वा जिला की कार्यसमिति की बैठक स्थानीय सदर अस्पताल गढ़वा के सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ. एम.पी. गुप्ता ने की, जबकि संचालन रेड क्रॉस के सचिव डॉ. जे.पी. सिंह ने किया।

बैठक में सर्वसम्मति से गत बैठक की पुष्टि की गई। इस दौरान चेयरमैन डॉ. एम.पी. गुप्ता ने जानकारी दी कि गढ़वा रेड क्रॉस सोसाइटी को वर्ष 2024-25 में सर्वाधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए एड्स कंट्रोल सोसाइटी, झारखंड द्वारा प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किया गया है। यह सम्मान मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गढ़वा के माध्यम से प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि के लिए बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और एड्स कंट्रोल सोसाइटी के प्रति आभार व्यक्त किया।

आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा

बैठक में आगे के कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए निम्नलिखित निर्णय लिए गए:

1. 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर प्रातः 10 बजे पुराने समाहरणालय में रेड क्रॉस का कार्यालय उद्घाटन किया जाएगा। इसी अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।

2. 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस पर एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा।

3. 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली सभी संस्थाओं को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी रेड क्रॉस कार्यकारी समिति के सदस्य उमेश अग्रवाल को सौंपी गई।

 

बैठक में रेड क्रॉस द्वारा संचालित अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस के आय-व्यय समेत रेड क्रॉस के समस्त आय-व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें बताया गया कि रंका अनुमंडल में ग्यारह नए आजीवन सदस्य बनाए गए हैं।

बैठक के अंत में रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसके बाद बैठक की कार्यवाही संपन्न हुई।

उपस्थित सदस्य

बैठक में चेयरमैन डॉ. एम.पी. गुप्ता, वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी, सचिव डॉ. ज्वाला प्रसाद सिंह, सहसचिव नंद कुमार गुप्ता, विजय केशरी, रघुवीर प्रसाद कश्यप, रामनारायण प्रसाद, उमेश अग्रवाल, मुकेश ठाकुर, बिनोद कुमार गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें