चिनिया रोड में नाली निर्माण में भारी अनियमितता, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप ने जताई कड़ी नाराज़गी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा चिनिया रोड में नाली निर्माण कार्य में भारी अनियमितता की जानकारी मिलने पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि गौतम नगर के पास हो रहे नाली निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार के मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है। वर्षों से चली आ रही जनता की मांग पर जब नाली का निर्माण शुरू हुआ, तब भी ठेकेदार द्वारा किसी तरह का लेवल नहीं लिया गया है।

उमेश कश्यप ने बताया कि नाहर चौक से शुरू होकर कई गलियों को जोड़ने वाली यह नाली, शहर की एक अहम ज़रूरत है। इन गलियों का पानी मुख्य नाली में जाना चाहिए, लेकिन निर्माण कार्य में इस बात का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया है। ठेकेदार से बार-बार आग्रह के बावजूद भी कार्य मनमाने ढंग से किया जा रहा है।

नगर अध्यक्ष उमेश कश्यप ने पीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता से मुलाक़ात कर पूरे कार्य की जानकारी दी और जल्द सुधार लाने की मांग की। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) राकेश कुमार भी उपस्थित थे। उन्होंने भी स्वीकार किया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सही नहीं है और लेवलिंग में भी गड़बड़ी है।

मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने जेई से स्पष्ट कहा कि नाली निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों ने यह भी बताया कि पूर्व में राज्य सरकार की नाकामी के कारण 15 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होना था, लेकिन बजट अभाव के चलते केवल 11 मीटर की सड़क बनाई जा रही है, वह भी संतोषजनक नहीं है।

स्थानीय नागरिकों ने ज़ोर दिया कि नियम संगत और गुणवत्तापूर्ण नाली का निर्माण हो, ताकि बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या न हो और सारा पानी शहर के बाहर सुरक्षित निकले। चिनिया रोड के निवासियों ने जिला उपायुक्त से आग्रह किया है कि वे इस मुद्दे पर स्वयं संज्ञान लें और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कराएं।

मौके पर मौजूद लोगों में अखिलेश तिवारी, गौतम चंद्रवंशी, सचिता पांडेय, राम बरन पांडेय, रामा शंकर पांडेय समेत अन्य मोहल्लेवासी उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर गुणवत्ता आधारित निर्माण की मांग की।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें