गढ़वा थाना क्षेत्र के हरैया गांव स्थित नदी आरा टोला में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब तालाब में डूबने से चार युवतियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरैया गांव निवासी चंदन सिंह की 10 वर्षीय पुत्री लाडो सिंह, जितेंद्र सिंह की 22 वर्षीय पुत्री अंकिता सिंह, पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के पगार निवासी विशिष्ट सिंह की 18 वर्षीय पुत्री रोमा सिंह और लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पूर्णा डीह निवासी अभिषेक सिंह की 15 वर्षीय पुत्री मीठी सिंह के रूप में हुई है।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने सभी को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मीठी और रोमा छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने अपने रिश्तेदारों के घर आई थीं। शुक्रवार को लाडो, अंकिता, मीठी, रोमा और मीठी का भाई मिलकर पास के तालाब में स्नान करने गए थे। बताया जा रहा है कि गहरे पानी में उतरने के कारण चारों युवतियां एक-एक कर डूबने लगीं। इस दौरान मीठी का भाई जैसे-तैसे बाहर निकलने में सफल रहा और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। हालांकि जब तक मदद पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़वा विधायक सतेंद्र नाथ तिवारी, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, गढ़वा एसडीओ संजय कुमार और थाना प्रभारी बृज कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया गया है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










