गढ़वा: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद यादव की धर्मपत्नी एवं पूर्व बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष उषा देवी (45 वर्ष) के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
सगमा निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव की पत्नी उषा देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। परिजनों के अनुसार वे कुछ दिनों से अपने परिवार के साथ श्री बंशीधर नगर में रह रही थीं। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। उषा देवी ने वर्ष 2016 से 2019 तक सगमा प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष के रूप में सेवा दी थी।
उनका अंतिम संस्कार वाराणसी में किया जाएगा। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुराज पांडेय, सगमा प्रखंड जिप सदस्य प्रतिनिधि नंदगोपाल यादव, उपप्रमुख अर्जुन पासवान, मुखिया तेजलाल राम, देवचंद यादव और अजय यादव सहित कई अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल रहे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










