21 अप्रैल को नि:शुल्क सामूहिक विवाह से पहले 51 जोड़ों को वितरित किए गए वस्त्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय, गढ़वा के परिसर में परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम नि:शुल्क सामूहिक विवाह समारोह 2025 का आयोजन 21 अप्रैल 2025 को किया जाएगा। इसी क्रम में आज, दिनांक 11 अप्रैल 2025 को, वनांचल एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट, गढ़वा द्वारा गुरुपद संभव सभागार में 51 जोड़ों (वर-वधू) के लिए वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुपति नाथ मिश्रा, उप विकास आयुक्त, गढ़वा थे। उनके आगमन के साथ ही अघोरेश्वर भगवान राम जी की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष सह कुलाधिपति, माननीय दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि वनांचल एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट अपनी स्थापना काल से ही समाज के उत्थान हेतु विभिन्न नि:शुल्क सेवाएं प्रदान करता आ रहा है। इनमें नि:शुल्क सामूहिक कन्या विवाह, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, वस्त्र, कंबल एवं दवाओं का वितरण, रक्तदान शिविर आदि शामिल हैं, जो समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाते हैं और लोगों तक सहायता पहुँचाते हैं।

बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एम.के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्य समाज के गरीब, शोषित तथा सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए सेवा भाव से किए जा रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब वर्ग का कल्याण होना चाहिए। इसी दिशा में कार्य करते हुए वनांचल एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट ने एक मिसाल कायम की है। उन्होंने विवाह समिति के अध्यक्ष श्री दिनेश प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष श्री रंजीत कुमार सिंह और सभी समिति सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

वस्त्र वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत वर-वधू पक्ष को विवाह सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं महा प्रसाद वितरण के साथ किया गया। इस आयोजन की सफलता में ट्रस्ट के पदाधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं परमार्थीगणों का सराहनीय सहयोग रहा।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें