एसएनसीयू वार्ड में 6 दिन के नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा सदर अस्पताल के एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में सोमवार सुबह 6 दिन के नवजात की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक बच्चे की मां तिलदाग गांव (गढ़वा थाना क्षेत्र) निवासी बेबी खातून है।

परिजनों ने बताया कि छह दिन पहले डिलीवरी हुई थी। बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान बच्चे के हाथ में चोट भी आई थी और वह लगातार रो रहा था। सोमवार सुबह 7 बजे मां ने उसे दूध पिलाया था, लेकिन जब 9 बजे बच्चे को देखने गए तो वह रो नहीं रहा था। नर्स को जानकारी दी गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के समय 5 हजार रुपये की मांग भी की गई थी। वहीं, नवजात की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

इस पूरे मामले पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। जांच की जा रही है। जल्दबाज़ी में कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें