गढ़वा डंडई थाना क्षेत्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध बालू का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। बालू माफिया बेखौफ होकर शाम लगभग 6 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक इस काले धंधे में सक्रिय रहते हैं। कनहर नदी से अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर उसे डंडई थाना क्षेत्र के रास्ते से ले जाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह बालू प्रति ट्रैक्टर 4,000 से 5,000 रुपये तक में बेचा जा रहा है, जबकि टीपर या वैन से ले जाई गई बालू 10,000 से 12,000 रुपये प्रति टीपर तक बेची जा रही है। इससे सरकार के राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है और बालू माफिया दिन दूनी, रात चौगुनी तरक्की कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, देर शाम होते ही बालू की ढुलाई शुरू हो जाती है। माफिया खुलेआम इस गोरखधंधे को अपनाकर मालामाल हो रहे हैं। जिन ट्रैक्टरों और टीपरों से बालू की ढुलाई होती है, उनमें अधिकतर में नंबर प्लेट तक नहीं होती। वहीं, कई ट्रैक्टर नाबालिग चालक चला रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि बलचौरा और सरकी स्थित कनहर नदी से बालू का अवैध उत्खनन कर उसे रारो, लवादोनी, लवाही और बैरियादामर सहित अन्य गांवों के रास्ते से ले जाया जाता है। यह बालू महंगे दामों में विभिन्न क्षेत्रों में बेचा जा रहा है। माफिया प्रशासन को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं।
बैरियादामर और त्रिवेणी टोला के ग्रामीणों ने बताया कि रात्रि के समय डोल, भंडार और कदवा क्षेत्र के माफिया इसी मार्ग से बालू लदे ट्रैक्टर लेकर जाते हैं। तेज रफ्तार ट्रैक्टरों से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। साथ ही, इन वाहनों के तेज शोर से ग्रामीणों की नींद तक हराम हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध धंधे में कुछ भ्रष्ट अधिकारी और विभागीय कर्मियों की भी मिलीभगत है, जिसके कारण प्रशासन बालू माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है। बताया गया है कि बालू लदे टीपर और ट्रैक्टर अम्माखोरेया की मुख्य सड़क से होते हुए रारो और लवाही गांव के रास्ते डंडई थाना क्षेत्र से गुजरते हैं। इसके बावजूद अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। सुबह के समय जब लोग वॉकिंग के लिए निकलते हैं, तो ये ट्रैक्टर तेज गति से सड़क पर दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव ने बताया कि बालू के अवैध उत्खनन की सूचना मिली है। इस पर छापेमारी अभियान चलाकर अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










