शिक्षा में समाज बदलने की है ताकत छात्र-छात्राओं के बीच स्टेशनरी वितरित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा । भारतीय जनता पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 134 वीं जयंती के अवसर पर शहर के टंडवा नदी किनारे अवस्थित बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया । इस दौरान सभा भी की ।साथ ही अन्य विभिन्न स्थलों पर स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया । इसके अलावा छात्र-छात्राओं के बीच स्टेशनरी भी वितरण किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा कि बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है । संविधान निर्माण के साथ समाज को शिक्षित बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है । उन्होंने कहा कि शिक्षा में समाज को बदलने की क्षमता होती है । बाबा साहेब व्यक्ति नहीं विचार थे । कोई भी महापुरुष किसी वर्ग विशेष अथवा समुदाय का नहीं होता है । देश और समाज के विकास के लिए उनके किए गए कार्य अविस्मरणीय हैं ।
भाजपा नेता डॉक्टर पातंजली केशरी ने कहा कि बाबा साहेब वकील, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ होने के साथ महान समाज सुधारक थे । शिक्षा के बल पर लोगों को आत्मनिर्भर बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है । बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का जीवन भारत में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना पर आधारित था । उनके सम्मान में मनाई जाने वाली यह जयंती एक आंदोलन की याद है । उन्होंने समाज में छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ आंदोलन चलाया । समरसता कायम किया । उन्हें भारतीय संविधान का वास्तुकार भी माना जाता है । संविधान प्रस्तावना समिति के अध्यक्ष भी रहे थे । उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेने की जरूरत है ।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कुमार चौबे ने कहा कि जिस भारत का सपना बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने देखा था आज उसे साकार करने के लिए संकल्प लेने का दिन है । उनके सपनों को साकार करने से ही संयुक्त एकीकृत आधुनिक भारत का निर्माण होगा । इसके अलावा भाजपा नेता अरविंद तूफानी सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया और बाबा साहेब के बताए गए मार्ग पर चलने की अपील की ।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के बीच स्टेशनरी वितरण किया गया । मौके पर रवींद्र जायसवाल, उमेश कश्यप, अब्दुल मन्नान, रविंद्र पासवान, डॉक्टर विजय प्रसाद, धनंजय गौड़, संतोष कुमार सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे ।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें