भाजपा नेता सूरज गुप्ता ने उपायुक्त से की मुलाकात, छात्रावास अतिक्रमण मुक्त कराने और पार्क सौंदर्यीकरण की रखी मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सूरज गुप्ता ने आज उपायुक्त से मुलाकात कर जिले के कई ज्वलंत जनमुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बालिका उच्च विद्यालय परिसर में स्थित पिछड़ा वर्ग बालिका छात्रावास को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

श्री गुप्ता ने उपायुक्त को सौंपे गए आवेदन में बताया कि यह छात्रावास कई वर्षों से एक निजी कॉलेज के कब्जे में है, जिससे जिले भर से आने वाली पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस छात्रावास को खाली कराकर मूल उद्देश्य के अनुसार छात्राओं को दिया जाए, तो वे जिला मुख्यालय में रहकर बेहतर ढंग से अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं और भविष्य संवार सकती हैं।

इसके अलावा श्री गुप्ता ने गढ़वा थाना के सामने स्थित नीलांबर-पीतांबर पार्क के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण की भी मांग की। उन्होंने बताया कि यह पार्क गढ़वा शहर का इकलौता सार्वजनिक पार्क है, जिसकी स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। रखरखाव की कमी और माली कर्मचारियों के अभाव में पार्क झाड़ियों में तब्दील हो चुका है। पार्क के फूल-पौधे और झरने भी पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं।

उन्होंने सुझाव दिया कि पार्क से सटे पश्चिम दिशा की खाली भूमि को इसमें जोड़कर इसे एक भव्य और सुंदर पार्क के रूप में विकसित किया जा सकता है। श्री गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद के कुछ पदाधिकारी इस भूमि पर अवैध रूप से दुकानें बनवाकर व्यक्तिगत लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे मौके पर जाकर देखा भी जा सकता है।

भाजपा नेता ने जिले से जुड़े कई अन्य जनमुद्दों पर भी उपायुक्त से सकारात्मक चर्चा की। इस अवसर पर भाजपा नेता पवन केसरी भी उपस्थित रहे।

 

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें