नाहर चौक पर उड़ीसा के प्राचीन दुर्गा मंदिर की तर्ज पर बन रहा भव्य पंडाल, 8 लाख रुपये होंगे खर्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

16 वर्षों से मां भगवती पूजा समिति कर रही है पूजा-पाठ का आयोजन, प्रतिदिन भंडारा, प्रवचन और भव्य आरती में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

गढ़वा। शहर के चिनिया रोड स्थित नाहर चौक पर मां भगवती पूजा समिति के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र के अवसर पर भव्य पूजा-पाठ का आयोजन किया जा रहा है। समिति पिछले 16 वर्षों से लगातार मां भगवती की पूजा-अर्चना का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष पूजा को विशेष आकर्षक बनाने के लिए उड़ीसा के प्राचीन दुर्गा मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल निर्माण में लगभग आठ लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

oplus_8388608

पूजा समिति के अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग से प्रत्येक वर्ष पूजा का आयोजन भव्य रूप से किया जाता है। इस वर्ष भी मां भगवती के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पूजा पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने के लिए समिति के सदस्य पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान प्रतिदिन लगातार भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। वहीं, वृंदावन से पधारे आनंदी जी महाराज के द्वारा प्रतिदिन शाम चार बजे से छह बजे तक प्रवचन किया जा रहा है। उनके प्रवचन सुनने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा प्रत्येक शाम मां भगवती की भव्य आरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

पूजा समिति की ओर से धार्मिक अनुष्ठानों को व्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मां भगवती के जयकारों और आरती से नाहर चौक सहित आसपास का इलाका भक्तिरस में सराबोर हो रहा है।

oplus_8388640

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में धीरज दुबे, संजय दुबे, आशुतोष तिवारी, कृष्णा चौबे सहित अन्य सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। समिति के सदस्यों ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें