देवी धाम सहिजना में श्रीहनुमान चालीसा-पाठ सह आध्यात्मिक-सांस्कृतिक चर्चा का चतुर्थ साप्ताहिक आयोजन सम्पन्न
आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक जागरूकता एवं संस्कारों के संरक्षण के उद्देश्य से देवी धाम, सहिजना, गढ़वा में श्रीहनुमान चालीसा-पाठ सह आध्यात्मिक-सांस्कृतिक चर्चा का चतुर्थ साप्ताहिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ पंडित अशोक पंडित द्वारा श्रीहनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से श्रीहनुमान चालीसा का पाठ किया।
आयोजन के अंतर्गत आयोजित आध्यात्मिक-सांस्कृतिक चर्चा सत्र में सुश्रुत सेवा संस्थान, नवादा मोड़, गढ़वा के निदेशक सह सदर अस्पताल, गढ़वा के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. टी. पीयूष ने कहा कि आध्यात्मिकता और संस्कृति का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। भारतीय परंपराएँ हमें अनुशासन, सेवा, संयम और मानवीय मूल्यों के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। बच्चों को प्रारंभ से ही अच्छे संस्कारों एवं सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना आवश्यक है।
अधिवक्ता सत्यनारायण सिन्हा ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमारी पहचान और हमारी सभ्यता की आधारशिला है। धार्मिक ग्रंथों, महापुरुषों के जीवन प्रसंगों एवं सांस्कृतिक परंपराओं से हमें सत्य, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक समरसता की सीख मिलती है। ऐसे साप्ताहिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सराहनीय माध्यम हैं।
कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती, झारखंड प्रांत के प्रांतीय कला धरोहर संयोजक नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’ ने कहा कि भारतीय संस्कृति केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन-मूल्यों, कला, साहित्य, परंपराओं और संस्कारों का व्यापक स्वरूप है। श्रीहनुमान जी का चरित्र शक्ति, भक्ति, समर्पण, विनम्रता और सेवाभाव का अद्भुत उदाहरण है। बच्चों को हनुमान जी के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने व्यक्तित्व में साहस, अनुशासन एवं सेवा की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से होने वाले ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित आध्यात्मिक-सांस्कृतिक प्रश्नोत्तरी सत्र रहा। इसमें उपस्थित बच्चों ने अत्यंत रुचि एवं उत्साह के साथ भाग लिया। धार्मिक, सांस्कृतिक एवं भारतीय परंपराओं से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से बच्चों ने अपनी जानकारी बढ़ाई और नई बातें सीखीं।
इस अवसर पर सोलंकी, सत्यम, हंस, शिवम, आयु, यशराज, प्रत्यूष रंजन, कृष्ण, दिव्या कुमारी, राम देव राम एवं कृष्ण महतो सहित अन्य उपस्थित रहे।
अंत में सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा-पाठ एवं आरती की गई। तत्पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण के साथ आयोजन भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस साप्ताहिक आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भक्ति के साथ ज्ञान, संस्कार और संस्कृति का समन्वय ही एक सशक्त एवं संस्कारित समाज के निर्माण का आधार है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









