गढ़वा | 27 नवंबर 2026, शुक्रवार।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, गढ़वा के आदेशानुसार झारखंड राज्य स्थापना समारोह के अवसर पर शुक्रवार को राजकीयकृत रामासाहू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, गढ़वा में ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत भव्य जिला स्तरीय शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुलदीपक अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर क्विज, निबंध लेखन, नृत्य, गायन, नाटक, कथा वाचन एवं चित्रकला सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें जिले के सभी प्रखंडों से प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला स्तरीय मंच पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, कला-कौशल, अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो उठा। विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि उसे केवल उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उनकी प्रतिभा को पहचानने, सही दिशा देने और उसे निखारने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की। गांव-देहात के बच्चों में भी अपार प्रतिभा एवं असीम संभावनाएं छिपी हुई हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।
जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभा, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास को विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षकों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बच्चे की विशिष्ट प्रतिभा को पहचानें और उसे आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
यह आयोजन केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपरा, विकास यात्रा और नई पीढ़ी के सपनों एवं आकांक्षाओं का जीवंत उत्सव बनकर उभरा। इस मंच ने जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, एक-दूसरे से सीखने और भविष्य में बड़े मंचों पर अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर प्रदान किया।
निस्संदेह, आज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे ये बच्चे ही कल के विकसित और सशक्त झारखंड की पहचान बनेंगे। उनकी प्रतिभा को उचित मंच, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन देकर एक शिक्षित, सृजनशील और समृद्ध झारखंड के सपने को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी पूनम श्री ने किया। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडली में संगीत कला महाविद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार सोनी, प्रेम कुमार तिवारी, विकास कुमार पांडेय, राजेश पांडेय, रविंद्र ओझा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रतिभा को मंच मिले, प्रयासों को पहचान मिले और हर बच्चे के सपनों को उड़ान मिले—इसी संकल्प के साथ आयोजित यह जिला स्तरीय समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, उत्साह और नई संभावनाओं का यादगार अवसर बन गया।
*उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने दी।*
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









