गढ़वा: सूरत पांडेय डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में संविधान दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संबोधन देते हुए प्राचार्य प्रोफेसर निकलेश चौबे ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था, जो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल अपने अधिकारों को ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को भी जानें। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का पाठ पढ़ाता है। आज के युवा को संविधान को पढ़ना, समझना और उसके मूल्यों को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
मौके पर इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर परवेज आलम ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। इसके निर्माण में लगभग 2 वर्ष 11 माह 18 दिन का समय लगा। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद थे, जबकि प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे।
अर्थशास्त्र विभाग के डॉक्टर उमेश सहाय ने कहा कि संविधान ही वह आधार है, जो धर्म, जाति, लिंग और क्षेत्र से ऊपर उठकर सभी नागरिकों को एक सूत्र में बांधता है। उन्होंने कहा कि आज संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रोफेसर कमलेश कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने सभी वक्ताओं के विचारों को सारगर्भित रूप में विद्यार्थियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस स्वयंसेवक अनिकेत कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में वाणिज्य संकाय के डॉक्टर विनोद द्विवेदी, इतिहास विभाग से प्रो. रविता शुक्ला समेत अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









