गढ़वा, 26 नवंबर 2026: गोपीनाथ सिंह महिला महाविद्यालय, गढ़वा-कल्याणपुर में आज संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संयुक्ता सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की पदाधिकारी डॉ. अनीता तूफानी ने उपस्थित छात्राओं को संविधान दिवस के महत्व एवं भारतीय संविधान की मूल भावना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने छात्राओं को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्या डॉ. संयुक्ता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान के आदर्शों का सम्मान करे तथा समाज में समानता, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा दे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना के महत्व से भी परिचित कराया गया तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक चेतना एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
अंत में संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









