रंका (गढ़वा), दिनांक : 25 नवंबर 2026।
आज दिनांक 25 नवंबर 2026, दिन बुधवार को प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC), रंका में झारखंड स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रंका प्रखंड के कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के विभिन्न विद्यालयों से चयनित प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता, कलात्मक अभिरुचि एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन, क्विज, पेंटिंग, नृत्य एवं गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों की सृजनात्मक सोच, ज्ञान, कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की आकर्षक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) श्री रवि कुमार सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन एवं समन्वय संकुल साधन सेवी श्री देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने किया।
प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन के लिए प्रतिनियुक्त प्रखंड साधन सेवी श्री मनोज कुमार, संकुल साधन सेवी श्री देवेंद्र नाथ उपाध्याय, शिक्षक श्री प्रदीप एक्का, श्री चंद्र किशोर सिंह, श्री उदय कुमार तिवारी तथा शिक्षिका श्रीमती साधना सिन्हा एवं कुमारी कल्पना ने निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के विभिन्न इवेंटों में कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 वर्ग के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री रवि कुमार सिंह, संकुल साधन सेवी श्री देवेंद्र नाथ उपाध्याय, श्री उदय कुमार तिवारी, श्रीमती साधना सिन्हा, कुमारी कल्पना एवं श्री चंद्र किशोर सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह एवं प्रसन्नता देखते ही बन रही थी।
अपने संबोधन में कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक भावना, रचनात्मकता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और विकास की संभावनाओं से नई पीढ़ी को परिचित कराना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं प्रतिनियुक्त शिक्षकों की उपस्थिति रही। सभी के सक्रिय सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि झारखंड की गौरवशाली विरासत को जानने, वर्तमान उपलब्धियों पर गर्व करने और उज्ज्वल भविष्य के सपनों को नई उड़ान देने का एक सार्थक प्रयास साबित हुआ।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









