नव दुर्गा पूजा समिति की पहल पर सजा सांस्कृतिक मंच, पूजा संरक्षक रामपति शर्मा सहित समिति पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागी बालिकाओं को किया पुरस्कृत
पलामू। पांडू प्रखंड के मुसीखाप में शारदीय नवरात्र के अवसर पर नव दुर्गा पूजा समिति की पहल पर आयोजित डांडिया कार्यक्रम में उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी बालिकाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। डांडिया की धुन पर थिरकती बालिकाओं की प्रस्तुतियों से पूरा माहौल उत्सवमय हो उठा।
कार्यक्रम में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर पूजा समिति के संरक्षक रामपति शर्मा, पूजा समिति के अध्यक्ष छोटन शर्मा, कोषाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, महामंत्री ललेश चंद्रवंशी एवं सुरक्षा दल के राहुल कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम में शामिल सभी बालिकाओं को पुरस्कृत किया। समिति पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
नव दुर्गा पूजा समिति की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना रहा। ऐसे आयोजन बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।
मुसीखाप में आयोजित डांडिया कार्यक्रम ने नवरात्र के उल्लास को और बढ़ा दिया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और बालिकाओं की प्रतिभा से सजी इस संध्या ने ग्रामीण क्षेत्र में भी डांडिया की बढ़ती लोकप्रियता की झलक पेश की।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









