न्यूनतम शुल्क में सीबीएसई की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार देने के लिए विद्यालय प्रतिबद्ध, बीपीएल बच्चों के लिए 20 सीटें आरक्षित
गढ़वा। स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नामांकन अभियान ‘मिशन एडमिशन 2027-28’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एवं शिक्षाविद् मदन प्रसाद केशरी, उप प्राचार्य बसंत ठाकुर, सीनियर शिक्षिका नीरा शर्मा, संतोष प्रसाद एवं जूनियर विंग इंचार्ज खुर्शीद आलम ने संयुक्त रूप से नामांकन अभियान के पोस्टर का विमोचन किया।
इस दौरान विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि जीवन हमें शिक्षा, सेवा, समानता और मानवता का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए जीएन कॉन्वेंट स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य न्यूनतम शुल्क में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर समाज के हर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है। विद्यालय का संकल्प है- ‘मेरी इच्छा, सबको शिक्षा’।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत प्लस टू तक की पढ़ाई की व्यवस्था है। नए सत्र में सभी कक्षाओं में नामांकन प्रारंभ कर दिया गया है। नन्हे बच्चों के लिए प्ले क्लास, केजी वन, केजी टू एवं कक्षा एक में वातानुकूलित कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा आकर्षक टॉय रूम और स्मार्ट टीवी के माध्यम से आधुनिक शिक्षण व्यवस्था की गई है।
विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन को भी विशेष महत्व दिया जाता है। विद्यार्थियों में नैतिकता, आदर, जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाता है। वहीं प्लस टू स्तर पर साइंस, आर्ट्स एवं कॉमर्स तीनों संकायों में अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में पढ़ाई की व्यवस्था है।
विद्यालय प्रबंधन ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से बीपीएल श्रेणी के विद्यार्थियों के नामांकन के लिए 20 सीटें आरक्षित करने की घोषणा की। इस पहल को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नए सत्र में सीमित सीटों के आधार पर नामांकन लिया जाएगा। अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही विद्यालय में शैक्षणिक प्रदर्शन और अनुशासन को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मिशन एडमिशन 2027-28 के शुभारंभ के साथ ही जीएन कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन ने आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









