कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रंका में बाल सुरक्षा सप्ताह का भव्य आयोजन, छात्राओं को सुरक्षा, अधिकार एवं आत्मरक्षा के प्रति किया गया जागरूक*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रंका (गढ़वा) | 25 नवंबर 2026, बुधवार।
बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों एवं उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज दिनांक 25 नवंबर 2026 को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, रंका में संकुल साधन सेवी श्री देवेंद्र नाथ उपाध्याय द्वारा विद्यालय का अनुश्रवण एवं मॉनिटरिंग किया गया।
अनुश्रवण के दौरान विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था, छात्राओं की सहभागिता तथा विद्यालय के समग्र वातावरण का जायजा लिया गया। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से वार्डन को आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
इस क्रम में विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम (SHWP) के अंतर्गत 19 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित बाल सुरक्षा सप्ताह की गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया। जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय, जिला स्वास्थ्य समिति एवं सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज (C3) के तकनीकी सहयोग से संचालित इस विशेष अभियान के तहत कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, लैंगिक संवेदनशीलता तथा सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर संकुल साधन सेवी श्री देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने कहा कि “बच्चों की सुरक्षा केवल एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय, समाज और प्रशासन की सामूहिक जवाबदेही है। प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा की भावना विकसित करना और उन्हें गलत के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना इस अभियान का मूल उद्देश्य है।”
उन्होंने आगे कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षा, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है। जब बालिकाएं अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग होंगी, तभी वे आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूतों द्वारा विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में छात्राओं को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं संभावित खतरों से बचाव तथा व्यक्तिगत सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इसके अतिरिक्त छात्राओं के बीच पेंटिंग, स्लोगन लेखन, चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से बाल सुरक्षा, बाल अधिकार एवं सुरक्षित समाज का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।
बाल सुरक्षा सप्ताह का यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बालिका को जागरूक, आत्मविश्वासी, सजग एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य ऐसी सकारात्मक शैक्षणिक संस्कृति विकसित करना है, जहां प्रत्येक बच्चा स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और संरक्षित महसूस कर सके।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन अनिमा बेक, शिक्षक मुकेश कुमार पाठक, ब्रजेश सिंह, अंजना मिश्रा, अंजली पांडे नीलिमा पांडे अनामिका सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें