संस्था के तरफ से साप्ताहिक भंडारा निरंतर जारी है और आगे भी जारी रहेगा : आकाश केशरी
जन्मदिन के अवसर पर सूर्य प्रकाश प्रसाद ने सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण कर मनाई खुशियां
गढ़वा। गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन के तत्वावधान में शहर के रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप 153वां साप्ताहिक भंडारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर व्यवसायी श्री सूर्य प्रकाश प्रसाद ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में भंडारे में शामिल होकर सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला एवं फल का वितरण कराया।
सूर्य प्रकाश प्रसाद ने कहा कि उनका जन्मदिन 20 नवंबर को था, लेकिन वे संस्था के साप्ताहिक भंडारे को लगातार देखते आ रहे थे। उनके मन में भी इच्छा हुई कि अपने जन्मदिन की खुशियां जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित कर मनाएं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग के बिना सामाजिक कार्य संभव नहीं है। संस्था जरूरतमंदों की सेवा के लिए एक बेहतर मंच है, जहां लोग जुड़कर अपनी खुशियां दूसरों के साथ बांट सकते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे, गरीब परिवार, ठेला चलाने वाले और अन्य जरूरतमंद लोग यहां भोजन ग्रहण करते हैं। ऐसे लोगों को अच्छा भोजन मिलना भी जरूरी है। सप्ताह में एक दिन ही सही, यदि इस तरह भोजन कराया जाए तो यह बहुत ही नेक और सराहनीय कार्य है। उन्होंने संस्था से जुड़कर आगे भी सहयोग करने की बात कही तथा अपने परिचितों को भी इस सेवा कार्य से जोड़ने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि फरवरी में उनकी पुत्री का जन्मदिन भी है, जिस अवसर पर वे पुनः संस्था के साथ जुड़कर सहयोग करेंगे। इस तरह के सेवा कार्य से सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतुष्टि मिलती है।संस्था के सदस्य शुभम केशरी ने कहा कि भले ही भंडारे का आयोजन सप्ताह में एक दिन होता है, लेकिन पूरी टीम को पूरे सप्ताह अगले मंगलवार का इंतजार रहता है। मंगलवार संस्था के सदस्यों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। इस दिन नए लोग संस्था से जुड़ते हैं और लोग अपनी खुशियां जरूरतमंदों के बीच मनाते हैं। समाज के लोगों के सहयोग से ही सैकड़ों जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना संभव हो पाता है। संस्था आगे भी निरंतर सेवा कार्य करती रहेगी और जहां जरूरतमंदों को सहायता की आवश्यकता होगी, वहां संस्था हर संभव मदद के लिए खड़ी रहेगी।
संस्था के संचालक आकाश केशरी ने श्री सूर्य प्रकाश प्रसाद को पूरे टीम की ओर से जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही इस नेक कार्य में सहयोग करने के लिए उनके प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से साप्ताहिक भंडारा निरंतर जारी है और आगे भी इसी सेवा भाव के साथ जारी रहेगा। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
मौके पर संस्था के संचालक आकाश केशरी, शुभम केशरी, अनमोल कश्यप, यश गुप्ता, पियूष गुप्ता, अनिल कुशवाहा एवं मीडिया प्रभारी अंशु कश्यप सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









