गढ़वा। धुरकी थाना पुलिस की ओर से मंगलवार को थाना क्षेत्र के शिवरी चौपाल के समीप ग्रामीणों के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने किया।
इस दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को डायल 112 की उपयोगिता, साइबर फ्रॉड से बचाव, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों, बाल विवाह, जाति प्रथा, भारतीय न्याय संहिता (BNS), यातायात सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 के माध्यम से पुलिस की सहायता ली जा सकती है। साथ ही साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।
कार्यक्रम में सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, बाल विवाह पर रोक लगाने, नशामुक्त समाज बनाने तथा कानून का पालन करने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी आपराधिक गतिविधि या सामाजिक समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों में कानून के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना और पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









