ऑपरेशन विश्वास से गढ़वा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 63 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वास्तविक धारकों को सौंपे गए मोबाइल फोन

गढ़वा। आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से गढ़वा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए कुल 63 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक गढ़वा के नेतृत्व में पुलिस केंद्र में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बरामद सभी 63 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंपे गए। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन खोने की शिकायत लेकर परेशान लोगों को जब उनका मोबाइल वापस मिला तो उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी में दर्ज सनहा तथा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर तकनीकी सहायता लेते हुए इन मोबाइल फोन को बरामद किया गया। इस अभियान में सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया गया।

गढ़वा पुलिस ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान, उनकी संपत्ति की सुरक्षा तथा पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना प्राथमिकता है। इस दिशा में ऑपरेशन विश्वास के तहत आगे भी अभियान जारी रखा जाएगा।

63 मोबाइल फोन की बरामदगी गढ़वा पुलिस की तकनीकी पहल और आम जनता की शिकायतों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें