विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और तकनीकी कार्यों में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
गढ़वा। पुलिस केंद्र गढ़वा में बुधवार को पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय योगदान के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों तथा जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान, विभिन्न पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, कार्यालयीन कार्यों तथा कंप्यूटर और सीसीटीएनएस (CCTNS) से संबंधित कार्यों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पदाधिकारियों एवं जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिसकर्मियों की मेहनत और निष्ठा से ही आम जनता में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा, अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए कार्य करने को प्रेरित किया।
इस सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करना तथा अन्य कर्मियों को भी अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित करना था।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









