स्विफ्ट डिजायर से लूट की वारदात का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। एसडीपीओ नीरज कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि भवनाथपुर थाना क्षेत्र के दुधमनिया घाटी में 19 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे चार अपराधियों ने हथियार के बल पर खरौंधी निवासी अरविंद कुमार गुप्ता से उनकी पल्सर बाइक (JH14M-6331) और Realme मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद अपराधी स्विफ्ट डिजायर कार (JH01ES-0136) और लूटी गई बाइक से फरार हो गए।

पीड़ित के बयान पर भवनाथपुर थाना में कांड संख्या 137/2025 दर्ज किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जिले में नाकेबंदी की और गुप्त सूचना के आधार पर कांडी थाना क्षेत्र के सुंडीपुर से स्विफ्ट डिजायर कार समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक, मोबाइल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और बदलकर इस्तेमाल किए गए नंबर प्लेट बरामद किए गए।

गिरफ्तार अपराधियों में प्रिंस कुमार सिंह उर्फ चिकु (उपरी कलां, हुसैनाबाद), चंदन कुमार सिंह (मुबारखपुर, हुसैनाबाद), दिग्विजय सिंह उर्फ डिकु (सिंगपुर, केतार) और दीपक कुमार सिंह (सरहु, हुसैनाबाद) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी अपराधी नंबर प्लेट बदल-बदल कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
एसडीपीओ नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार तिवारी, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, कांडी थाना प्रभारी विद्या सागर प्रसाद, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार वानी, नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, हरिहरपुर ओपी प्रभारी सफिउल्लाह अंसारी, अनुसंधानकर्ता रौशन कुमार राम समेत कई पुलिस पदाधिकारी, आर्म्ड बल और चौकीदार शामिल थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें