गढ़वा के विकास के लिए जनकल्याण समिति ने सांसद को सौंपा मांग पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा, 13 अप्रैल 2026 — जनकल्याण समिति, टंडवा (गढ़वा) द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर सांसद श्री विष्णुदयाल राम को एक मांग पत्र सौंपा गया। समिति ने सबसे पहले गढ़वा बाइपास एवं एनएच सड़क के फोरलेन में परिवर्तित किए जाने को लेकर सांसद और केंद्र नेतृत्व को हार्दिक बधाई दी। साथ ही कहा कि उनके प्रयासों से कई विकास कार्य धरातल पर उतरे हैं और रेलवे क्षेत्र में भी प्रगति हुई है।
समिति ने जिले की जनता के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। मांग पत्र में प्रमुख रूप से गढ़वा रेलवे स्टेशन पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों जैसे रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, रांची-आनंद विहार स्पेशल, अहमदाबाद वीकली एक्सप्रेस, कोलकाता-मदार एक्सप्रेस, अजमेर वीकली एक्सप्रेस एवं धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस के ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा गढ़वा से अयोध्या, मथुरा, पुरी और वाराणसी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू कराने की भी मांग रखी गई, ताकि जिलेवासियों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी सुविधा मिल सके।
समिति ने गढ़वा रेलवे स्टेशन रोड के चौड़ीकरण, बेहतर लाइटिंग एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने की भी अपील की। वहीं टंडवा मध्य विद्यालय और हनुमान मंदिर से एनएच फोरलेन बाइपास को जोड़ने वाली टंडवा-डूमरो मुख्य सड़क (लगभग 2.5 किमी) के चौड़ीकरण एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई।
इसके साथ ही टंडवा पुल से सेमर घाट होते हुए श्मशान घाट तक दानरो नदी के किनारे एक अच्छी चौड़ाई वाली सड़क निर्माण की मांग भी रखी गई, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ नदी के अतिक्रमण पर भी रोक लग सके।
समिति ने कहा कि इन सभी मांगों के पूरा होने से क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय व्यवसाय में भी वृद्धि होगी। लोगों ने सांसद पर विश्वास जताते हुए इन मांगों को शीघ्र पूरा कराने की अपेक्षा व्यक्त की है।
इस मांग पत्र पर दिनेश कुमार, सुनील सोनी, अनूप कुमार, ज्ञानप्रकाश गुप्ता, संतोष कुमार, अनिल केशरी, सूचित लाल, संजय कुमार गुप्ता, राजबली प्रसाद, प्रदीप सोनी एवं रविनंदन कुमार गुप्ता सहित कई सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।
मांग पत्र की प्रतिलिपि रेल मंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, स्थानीय विधायक, नगर परिषद अध्यक्ष, उपायुक्त तथा पत्रकारों को भी प्रेषित की गई है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें