अक्षरा सिंह के आगमन से गढ़वा में छाया उत्साह, राजघराना नेक्स्ट मॉल का भव्य उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। शहर ने मंगलवार को एक ऐतिहासिक और यादगार पल का साक्षी बना, जब सुपरस्टार भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के आगमन से पूरा माहौल उत्साह और उल्लास से सराबोर हो उठा। नवनिर्मित राजघराना नेक्स्ट मॉल के भव्य उद्घाटन समारोह ने शहर को मानो एक बड़े महानगर जैसा रूप दे दिया, जहां हजारों की भीड़ अपने चहेते स्टार की एक झलक पाने को उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य अंदाज में हुई, जहां भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह ने गढ़वा की धरती पर कदम रखते ही मंच संभाला। कई घंटों से बेसब्री से इंतजार कर रहे फैंस की खुशी उस वक्त चरम पर पहुंच गई, जब उन्होंने मंच से अपने खास अंदाज में लोगों का अभिवादन किया। अपने अभिनय और लोकप्रिय भोजपुरी गीतों के जरिए उन्होंने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों और सीटियों की गूंज से गूंज उठा।
इसके बाद राजघराना नेक्स्ट मॉल का विधिवत उद्घाटन अक्षरा सिंह, मॉल के संस्थापक द्वारिका प्रसाद केसरी एवं रेखा देवी, साथ ही प्रोपराइटर रवि केसरी, धीरज केसरी, श्रेयांश केसरी सहित पूरे केसरी परिवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस खास पल के दौरान उत्साह ऐसा था कि हर कोई इस ऐतिहासिक क्षण को अपने कैमरे में कैद करने को आतुर नजर आया।

उद्घाटन के बाद अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने पूरे मॉल का भ्रमण किया और यहां उपलब्ध सुविधाओं व ब्रांड्स की सराहना करते हुए कहा कि अब गढ़वा के लोगों को खरीदारी के लिए दूसरे शहरों या राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। एक ही छत के नीचे हर जरूरत की चीजें बड़े-बड़े ब्रांड्स के साथ उचित कीमत पर उपलब्ध होना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस शानदार आयोजन के लिए केसरी परिवार को धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान एक अलग ही रंग देखने को मिला, जब अक्षरा सिंह के गानों पर मॉल के प्रोपराइटर और पूरा केसरी परिवार झूमता नजर आया। वहीं, हजारों की संख्या में मौजूद फैंस ने अपने पसंदीदा स्टार के साथ सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बना लिया।
कार्यक्रम में कोलकाता से आए कलाकारों और अन्य राज्यों से पहुंचे मॉडलों ने फैशन शो, गीत-संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए समां बांध दिया। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे आयोजन को भव्यता के शिखर पर पहुंचा दिया।
इस अवसर पर अक्षरा सिंह ने कहा, “गढ़वा आकर मुझे बेहद खुशी हुई। यहां के लोगों का प्यार और उत्साह दिल को छू लेने वाला है। यह मॉल शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
वहीं, मॉल के संस्थापक द्वारिका प्रसाद केसरी ने कहा, “हमारा सपना था कि गढ़वा में भी बड़े शहरों जैसी सुविधा मिले। आज यह सपना साकार हुआ है, इसके लिए हम सभी के आभारी हैं।”
संस्थापक रेखा देवी ने कहा, “यह मॉल केवल व्यापार नहीं, बल्कि गढ़वा के लोगों के लिए एक नई सुविधा और अवसर लेकर आया है।”
प्रोपराइटर रवि केसरी ने कहा, “हमने कोशिश की है कि हर वर्ग के लोगों के लिए यहां बेहतर और किफायती विकल्प उपलब्ध हों।”
प्रोपराइटर धीरज केसरी ने कहा, “यह सिर्फ एक शुरुआत है, आने वाले समय में हम और भी बेहतर सुविधाएं जोड़ने का प्रयास करेंगे।”
श्रेयांश केसरी ने कहा, “युवा पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए इस मॉल को आधुनिक तरीके से विकसित किया गया है।”
मौके पर मौजूद गणमान्य लोगों में रविंद्र जायसवाल, सुनील गुप्ता, राजेश गुप्ता, संध्या केसरी, सीमा केसरी, उर्वशी शर्मा सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। पूर्व नप अध्यक्ष पिंकी केसरी ने कहा कि “राजघराना नेक्स्ट मॉल का उद्घाटन गढ़वा के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।”
कुल मिलाकर, राजघराना नेक्स्ट मॉल का यह उद्घाटन समारोह गढ़वा के इतिहास में एक बड़े आयोजन के रूप में दर्ज हो गया, जिसने न सिर्फ मनोरंजन का नया आयाम जोड़ा, बल्कि शहर के विकास की नई दिशा भी तय कर दी

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें