गढ़वा बरवाडीह प्रखंड के नक्सल प्रभावित करमडीह स्थित बी/172 बटालियन सीआरपीएफ कैंप परिसर में कमांडेंट नृपेन्द्र कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में 24 मार्च 2025 को सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य गरीब किसानों और ग्रामीणों के जीवनयापन को सुलभ बनाना, कृषि को बढ़ावा देना तथा उनके बच्चों को शिक्षा और खेल के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को उन्नत कृषि बीज, पठन-पाठन सामग्री, पानी की टंकी, सोलर लैंप, मच्छरदानी सहित विभिन्न उपयोगी सामग्रियां वितरित की गईं। इसके अलावा, ग्रामीणों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए एक प्रेरणादायक फिल्म भी दिखाई गई।
इस अवसर पर कमांडेंट नृपेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि 172 बटालियन सीआरपीएफ हमेशा आमजन को लाभ पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का संचालन करती रही है, ताकि स्थानीय लोग प्रगति और विकास से लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट अक्षय मुंबईकर पांडुरंग, करमडीह ग्राम पंचायत की मुखिया इश्वरी देवी, छिपादोहर थाना प्रभारी धीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










