सुनील पासवान हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, हथियार समेत तीन गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा: गढ़वा पुलिस ने मंडरा गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई सुनील पासवान हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में गढ़वा थाना में प्रेसवार्ता कर एसडीपीओ नीरज कुमार ने जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों में नगर ऊंटरी थाना क्षेत्र के पाल्हे कला गांव निवासी विमलेश चौबे का पुत्र साकेत कुमार चौबे उर्फ रोहन चौबे, मेराल थाना क्षेत्र के लातदाग गांव निवासी धनंजय दुबे का पुत्र रोहित दुबे, तथा गढ़वा थाना क्षेत्र के लोटो गांव निवासी मनोज धर दुबे का पुत्र विपुल धर दुबे शामिल हैं।

पुलिस ने इन आरोपियों के पास से दो अपाची बाइक, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि 30 जुलाई को जमीन विवाद को लेकर सुनील पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी ने कांडी थाना में सात नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

जांच में सामने आया कि 29 जुलाई की रात को अभियुक्तों ने विवादित जमीन पर जबरन जोताई कर दी थी, जिसका सबसे अधिक विरोध सुनील पासवान ने किया। अगले दिन सुबह 7:30 बजे जब वह मवेशी चराने गांव के उत्तर दिशा में गए थे, तभी दो बाइक पर सवार होकर दीपक पांडेय, राजेश पांडेय, साकेत चौबे और पहलवान उर्फ सुशील वहां पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में सुनील पासवान की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर छापामारी शुरू की गई। इस दौरान साकेत कुमार चौबे को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। साकेत की स्वीकारोक्ति के आधार पर रोहित दुबे को भी पकड़ा गया, जिसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी सूचना पर दीपक पांडेय के बहन के घर अचला नावाडीह से एक और बाइक बरामद की गई। इसके अलावा, अभियुक्त विपुल धर दुबे को भी लोटो गांव से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

एसडीपीओ ने बताया कि ये आरोपी कुख्यात विकास दुबे के लिए काम करते हैं और जमीन के अवैध कारोबार में लिप्त हैं। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों – दीपक पांडेय और राजेश पांडेय – की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर ऊंटरी सत्येंद्र कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक रतन कुमार, मझिआंव के पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार तिवारी, गढ़वा थाना प्रभारी बृज कुमार, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें