भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, तीन महिलाओं समेत 11 लोग घायल गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है सभी का इलाज, पुलिस कर रही है जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा: बरडीहा थाना क्षेत्र के सलगा गांव में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जबरदस्त मारपीट हो गई। इस घटना में तीन महिलाओं समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के घायलों में रामसूरत यादव, भारत यादव, उनकी पत्नी राजमणि देवी, जगदीश यादव की पत्नी शारदा देवी, नवरंग यादव, शंभू यादव एवं उसकी पत्नी सरस्वती देवी शामिल हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से घायल हुए लोगों में नरेश यादव, बुधन यादव, उसकी पत्नी मीना देवी और मंगल केश्वर यादव का नाम शामिल है। दोनों पक्षों के सभी लोग सलगा गांव के ही निवासी हैं।

घटना के संबंध में घायल रामसूरत यादव ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ विगत 40 वर्षों से विवादित जमीन पर जोत-कोड़ कर रहे हैं और अब तक कोई विवाद नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेश यादव अपने पूरे परिवार के साथ जबरन जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से जोताई करने लगे। जब इसका विरोध किया गया, तो दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके परिवार के कई लोग घायल हो गए।

उधर, दूसरे पक्ष की ओर से भी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। दोनों पक्षों की ओर से मामला बरडीहा थाना में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें