गढ़वा। मेराल थाना क्षेत्र के पेशका गांव में बाइक और टेंपो की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिनिया थाना क्षेत्र के बिलैयतीखैर गांव निवासी शिवनारायण साव के 35 वर्षीय पुत्र अजय कुमार साव के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अजय अपने भाई मनोज साव के साथ किसी काम से गढ़वा आ रहा था। इसी दौरान पेशका गांव के पास खड़ी टेंपो में उसकी बाइक टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय को गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद परिजन शव को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










