गढ़वा। गढ़वा सदर अस्पताल के पास बन रही सड़क का मंगलवार को विधायक सतेंद्र नाथ तिवारी ने संबंधित इंजीनियर के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में कई खामियों पर नाराजगी जताई।
विधायक ने बताया कि पलामू के शंखा से गढ़वा प्रखंड के खजूरी तक योजना के तहत शिवलया कंपनी द्वारा सड़क निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गढ़वा शहर के रंका मोड़ से कचहरी तक कई महीनों से सड़क पर मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जिससे धूल उड़ रही है और शहरवासियों सहित राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि सदर अस्पताल के सामने सड़क का निर्माण दुकानों से ऊंचा किया जा रहा है, जिससे बारिश के समय पानी दुकानों में घुसने का खतरा बना हुआ है। विधायक ने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी सड़क निर्माण में अनियमितता बरत रही है।
वहीं, योजना के इंजीनियर बिकाश गुप्ता ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित एस्टीमेट के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने माना कि कुछ कमियां हैं, जिन्हें जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिटुमिन की कमी के कारण सड़क की पिचिंग नहीं हो पा रही है, लेकिन एक सप्ताह के अंदर पिचिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










