गढ़वा में मजदूर दिवस पर श्रमिकों का सम्मान, 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में चल रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अंतर्गत तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा मनोज प्रसाद के निर्देशानुसार मजदूर दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा के सेमिनार हॉल में श्रमिक सम्मान, सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, एलएडीसी सुधीर कुमार तिवारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाओं की जानकारी के अभाव में समाज के अंतिम व्यक्ति, विशेषकर श्रमिक, उनके लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों को श्रम विभाग में निबंधन कराने के लिए प्रेरित किया, ताकि विपरीत परिस्थितियों में उन्हें क्षतिपूर्ति एवं सहायता राशि मिल सके।
उन्होंने 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान में शामिल पैरा लीगल वॉलेंटियरों को निर्देश दिया कि वे श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में जागरूक करें। इसके तहत दुर्घटना में इलाज, मृत्यु की स्थिति में अंत्येष्टि सहायता तथा प्रवासी मजदूरों को सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने लोक कल्याणकारी राज्य के अंतर्गत मिलने वाले अधिकारों एवं सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं एलएडीसी सुधीर कुमार तिवारी ने झालसा की ‘श्रमेव वंदते’ योजना तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए संचालित विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत पात्र व्यक्तियों को मुफ्त कानूनी सहायता मिलने की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर श्रमिकों के बीच चेक के माध्यम से परिसंपत्तियों का वितरण किया गया तथा उपस्थित सभी श्रमिकों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी मुरली श्याम तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में राजेश कुमार, विकास कुमार, पीएलवी सूर्यदेव चौधरी, राम कुमार, अनुराग, लव, अजित एवं रविंद्र सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें