26वें वार्षिकोत्सव पर भव्य पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा, 11 लाख रुपये होंगे खर्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 कारीगर दिन-रात कर रहे पंडाल का निर्माण, काशी और अयोध्या के कलाकार जागरण में बिखेरेंगे भक्ति की छटा

गढ़वा। मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष 26वां वार्षिकोत्सव भव्यता, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। आयोजन को यादगार बनाने के लिए समिति द्वारा आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल की भव्यता और आकर्षक कलाकारी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने वाली है। पूरे आयोजन पर लगभग 11 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कारीगर सपन दादा की अनुभवी टीम को सौंपी गई है। उनकी टीम के 25 कुशल कारीगर पिछले 25 दिनों से दिन-रात मेहनत कर पंडाल को भव्य स्वरूप देने में जुटे हैं। समिति की ओर से आयोजन की तैयारियां व्यवस्थित ढंग से की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर व्यवस्था मिल सके।

काशी और अयोध्या के कलाकार करेंगे भक्तिमय प्रस्तुति

वार्षिकोत्सव के अवसर पर भव्य जागरण का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें काशी (वाराणसी) और अयोध्या से आने वाले प्रसिद्ध कलाकार अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों और आकर्षक धार्मिक झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। जागरण के दौरान मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया जाएगा।

महाअष्टमी पर होगा विशाल भंडारा

महाअष्टमी के पावन अवसर पर समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक चलने वाले इस भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के महाप्रसाद ग्रहण करने की उम्मीद है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सपरिवार पहुंचने की अपील

मां दुर्गा पूजा समिति के उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी अनिल सोनी ने समस्त क्षेत्रवासियों से सपरिवार पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने और धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया। समिति का उद्देश्य श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के साथ 26वें वार्षिकोत्सव को यादगार बनाना है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें