चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की चेतावनी, गढ़वा में 29 अक्टूबर को स्कूल बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जारी किया आदेश, शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने का निर्देश

गढ़वा। भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णब’ (Cyclone Arnab) और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा जिले में भी तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है।

इसको लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी, गढ़वा द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-34 के तहत गढ़वा जिले के सभी कोटि के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, प्रारंभिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक तथा निजी विद्यालयों में 29 अक्टूबर 2026 को पठन-पाठन कार्य स्थगित रहेगा।

जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम की प्रतिकूल स्थिति एवं संभावित आपदा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, विद्यालयों के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों, निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों तथा क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

जारी आदेश ज्ञापांक 1743, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 के अनुसार, यह निर्णय जिले में मौसम संबंधी चेतावनी को देखते हुए लिया गया है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें