टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गांवों में चलाएंगे जागरूकता अभियान
गढ़वा।एसपीडी कॉलेज, गढ़वा में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के दो दर्जन (24) एनसीसी कैडेट्स को ‘माई भारत वॉलंटियर’ के रूप में पंजीकृत कराया गया। पंजीकृत कैडेट्स अब आसपास के ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को टीबी (यक्ष्मा) रोग के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला यक्ष्मा विभाग के सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर कन्हैया कुमार, धुरकी से रणधीर कुमार और डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीष कुमार ने कैडेट्स को टीबी के लक्षणों, इसके बचाव और स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क जांच व इलाज की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कैडेट्स ग्रामीणों के बीच जाकर टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर सकते हैं।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. निकलेश चौबे ने कहा कि महाविद्यालय एनसीसी इकाई के कैडेट्स समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। वहीं, एनसीसी के ए.एन.ओ. (ए एन ओ) प्रो. धीरेंद्र कुमार मिश्रा ने कैडेट्स को पूरी निष्ठा के साथ इस सामाजिक और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










