सदर अस्पताल के नए भवन में शिफ्ट हुई आंख-नाक विभाग की ओपीडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नए भवन में मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा, इलाज और जांच में होगी सहूलियत

गढ़वा। सदर अस्पताल, गढ़वा के नए भवन का उद्घाटन सोमवार को अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही आंख और नाक से संबंधित बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) को नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया। इससे मरीजों को इलाज कराने में सहूलियत मिलेगी और ओपीडी के संचालन में भी आसानी होगी।

इस अवसर पर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी ने बताया कि पुराने अस्पताल भवन में जगह की कमी के कारण विभिन्न ओपीडी के संचालन में परेशानी होती थी। नए भवन में ओपीडी संचालित होने से इस समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे सभी ओपीडी को नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद मरीजों के इलाज, भर्ती और अन्य चिकित्सकीय प्रक्रियाओं का संचालन भी नए भवन में उपलब्ध सुविधाओं के अनुरूप किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि नए भवन में ओपीडी संचालित होने से चिकित्सकों को मरीजों की जांच और इलाज करने में सुविधा होगी। वहीं, मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अस्पताल में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग होने से इलाज के दौरान होने वाली परेशानियां कम होंगी।

कार्यक्रम के अवसर पर आईएमए के अध्यक्ष सह चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. अरशद अंसारी, डॉ. रवि कुमार, फार्मासिस्ट संतोष मेहता, वेंकटेश नारायण, नेत्र सहायक जितेंद्र पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें