संत पाल स्कूल के कक्षा नौ के टॉपर सार्थक तिवारी उर्फ केशव के निधन से गढ़वा में शोक की लहर दो दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ता रहा होनहार छात्र, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। संत पाल स्कूल के कक्षा नौ के टॉपर और होनहार विद्यार्थी सार्थक तिवारी के आकस्मिक निधन से विद्यालय परिवार सहित पूरे गढ़वा जिले में शोक की लहर व्याप्त है। परिजन प्यार से सार्थक को ‘केशव’ कहकर पुकारते थे। उसकी प्रतिभा, तेजतर्रार व्यक्तित्व और सरल एवं शालीन व्यवहार की चर्चा करते हुए जब विद्यालय परिवार के सदस्य भावुक हुए तो वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

केशव के करीबी रिश्तेदार एवं पलामू प्रमंडल के सामाजिक कार्यकर्ता नवीन तिवारी ने बताया कि केशव को बुखार की शिकायत होने पर जब रक्त जांच कराई गई तो उसमें ब्लड शुगर का स्तर बढ़ा हुआ पाया गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वे परिजनों के साथ तत्काल उसे लेकर रांची रवाना हुए और रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद केशव दो दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया।
एक होनहार विद्यार्थी का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना न केवल उसके परिवार, बल्कि विद्यालय और पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
शुक्रवार को केशव का अंतिम संस्कार सरस्वतिया नदी के घाट पर किया गया।इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री संतोष दूबे,शिक्षक नेता कमलेश्वर पाण्डेय,सामाजिक कार्यकर्ता नवीन तिवारी,पिंकू तिवारी, प्रवीण तिवारी,विभूति तिवारी, अनुप तिवारी सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से केशव को अंतिम विदाई दी।
मृतक के पैतृक गांव पूरे पोटमा में मातमी सन्नाटा पसरा है।हर कोई इस असमय हुई दुखद घटना से स्तब्ध है। जिस बच्चे से परिवार और विद्यालय को उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें थीं,उसका यूं चले जाना सभी को भीतर तक झकझोर गया है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें