दो साल में गढ़वा की जनता ने क्या खोया और क्या पाया? झामुमो ने भाजपा विधायक से मांगा हिसाब
विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर झामुमो का जिलेभर में नुक्कड़ सभा व पर्चा वितरण कर उठाए विकास के सवाल
फोटो : नुक्कड़ सभा में शामिल झामुमो कार्यकर्ता
फोटो : पर्चा वितरण करते झामुमो के लोग
गढ़वा। गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा गढ़वा की ओर से जिलेभर में ‘दो वर्ष में क्या खोया-क्या पाया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के रंका मोड़ सहित जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से झामुमो कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच पर्चा वितरित कर विधायक के दो वर्षों के कार्यकाल का हिसाब मांगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए।
कार्यक्रम के दौरान वितरित पर्चों में भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के दो वर्षों के कार्यकाल की तुलना पूर्व मंत्री एवं झामुमो के मिथिलेश कुमार ठाकुर के कार्यकाल से करते हुए विकास के मुद्दे पर कई सवाल खड़े किए गए। पर्चे में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेयजल, बिजली, किसानों की समस्याओं और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनता से खुद मूल्यांकन करने की अपील की गई। झामुमो की ओर से सवाल उठाया गया कि दो वर्षों में गढ़वा की जनता को आखिर क्या मिला और क्षेत्र के विकास के लिए धरातल पर कितने काम हुए?
केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ भेदभाव का आरोप
कार्यक्रम के माध्यम से वितरित पर्चे में केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया गया। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्मार्ट सिटी, ग्रामीण विकास एवं अन्य योजनाओं से संबंधित मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा गया। झामुमो ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण झारखंड के गरीब, आदिवासी, मूलवासी और ग्रामीण आबादी को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हेमंत सरकार की योजनाओं को भी बनाया गया मुद्दा
वहीं में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उनके लाभ गिनाए गए। इसमें मंईयां सम्मान योजना के तहत योग्य महिलाओं को 2500 रुपये, अबुआ आवास योजना, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, बकाया बिजली बिल माफी, सर्वजन पेंशन, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, किसानों का दो लाख रुपये तक कृषि ऋण माफ करने तथा गंभीर बीमारी के इलाज जैसी योजनाओं को प्रमुखता से शामिल किया गया।
झामुमो कार्यकर्ताओं ने इन योजनाओं को राज्य सरकार की जनहितकारी पहल बताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ गरीबों, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जनता के बीच पहुंचकर विकास का हिसाब मांगने की पहल
झामुमो का यह कार्यक्रम केवल पर्चा वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से गढ़वा की राजनीति में विकास के मुद्दे को केंद्र में लाने की कोशिश की गई। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड मुख्यालयों तक एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी ने जनता के बीच यह सवाल पहुंचाने का प्रयास किया कि जनप्रतिनिधियों के दो वर्षों के कार्यकाल का वास्तविक मूल्यांकन किन आधारों पर होना चाहिए।
कार्यक्रम के जरिए झामुमो का भाजपा विधायक के कार्यकाल पर सवाल
उठाते हुए जनता से विकास कार्यों और चुनावी वादों का स्वयं आकलन करने की अपील की। पार्टी का संदेश स्पष्ट है कि राजनीति में केवल दावों और वादों से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता को धरातल पर हुए विकास कार्यों का जवाब चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि पिछले दो वर्षों में गढ़वा की जनता पूरी तरह बेहाल हो गई है और यहां के विधायक मालामाल हो गए हैं। पिछले दो वर्षों में जनता को झूठे वादे, झूठा आश्वासन, कमीशन खोरी, गाली गलौज, बतौलाबाजी, समाज को तोड़ने का काम, जरूरत पड़ने पर विधायक लापता, झूठ,भ्रम एवं अफवाह की राजनीति, चापाकल के नाम पर पैसा उगाही, विधायक कोटा का बंदरबांट के सिवा कुछ नहीं मिला। दो वर्षों में पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास नाम का कहीं भी कोई चीज देखने को नहीं मिला। सिर्फ 12 साल की जालसाजी राजनीति मिला।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









