गढ़वा। आर.के. ट्रस्ट, गढ़वा द्वारा संचालित आर.के. पब्लिक स्कूल, सोनपुरवा, गढ़वा में लगातार दूसरे दिन अभिभावक-शिक्षक बैठक (पेरेंट्स मीटिंग) का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर आर.के. ट्रस्ट द्वारा संचालित आर.के. नर्सिंग एवं फार्मेसी कॉलेज, हूर, गढ़वा के तत्वावधान में निःशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया गया।
मेडिकल कैंप में आर.के. फार्मेसी कॉलेज के प्रभारी मनीष तिवारी, आर.के. नर्सिंग कॉलेज की प्रभारी सुबरा खातून एवं लालकेश कुमार द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान अभिभावकों एवं अन्य लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें शुगर के मरीजों की संख्या अधिक देखने को मिली। विशेष रूप से कम उम्र के युवाओं में भी शुगर की समस्या सामने आना चिंता का विषय रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एवं गढ़वा जिले के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय ने उपस्थित अभिभावकों के साथ विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विशेषताओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा, संस्कार एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय के साथ सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
वहीं, मेडिकल कैंप में हुई स्वास्थ्य जांच के संबंध में अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि आजकल युवाओं में भी शुगर की समस्या देखने को मिल रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। इससे बचाव के लिए लोगों को अपनी दिनचर्या में शारीरिक श्रम एवं नियमित व्यायाम को शामिल करना चाहिए। साथ ही खान-पान पर विशेष ध्यान देना और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधियां एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाकर मधुमेह के जोखिम को कम किया जा सकता है। सभी लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए।
आर.के. ट्रस्ट द्वारा शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे प्रयासों की स्थानीय लोगों ने सराहना की। इस प्रकार के आयोजनों से अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक होने का अवसर मिल रहा है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









