गढ़वा में संपर्क फाउंडेशन का शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, 57 शिक्षक ‘टॉप टीचर ट्रॉफी’ से सम्मानित*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। जिला स्कूल परिसर में 18 नवंबर को संपर्क फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों के 57 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके बेहतर शैक्षणिक कार्य, नवाचार एवं कक्षाओं में संपर्क टीवी के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशस्ति पत्र एवं प्रतिष्ठित ‘टॉप टीचर ट्रॉफी’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीपीओ श्री कुलदीप अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए एडीपीओ श्री कुलदीप अग्रवाल ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संपर्क टीवी के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे इस तकनीक का नियमित एवं अधिकाधिक उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार लाने का प्रयास करें।
संपर्क फाउंडेशन के जिला समन्वयक अभिषेक कुमार दुबे एवं टीम के सदस्यों आयुष कुमार, दीपक कुमार तथा निगम चौबे ने बताया कि जिले में कुल 321 विद्यालयों में संपर्क टीवी संचालित है। इनमें से शिक्षण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन, स्मार्ट कंटेंट के प्रभावी उपयोग एवं नवाचार के आधार पर 57 विद्यालयों के शिक्षकों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान चयनित शिक्षकों को मंच पर प्रशस्ति पत्र एवं ‘टॉप टीचर ट्रॉफी’ प्रदान कर उनके समर्पण, मेहनत और उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान की सराहना की गई। सम्मानित शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि संपर्क टीवी के उपयोग से कक्षाओं में बच्चों की रुचि, सहभागिता एवं सीखने की क्षमता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में संपर्क फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही।
समारोह का समापन गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित एवं नवाचारपूर्ण शिक्षा को जिले के प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। यह सम्मान समारोह निश्चित रूप से शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने तथा अन्य शिक्षकों को भी डिजिटल एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करने वाला साबित होगा।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें