*18 नवंबर 2026*
*उपायुक्त की अध्यक्षता में संपन्न हुआ वितरण कार्यक्रम, राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता*
**************************************
गढ़वा। राज्य स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आज जिला गव्य विकास कार्यालय, गढ़वा के परिसर में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना 2025-26 (गव्य प्रभाग) के अंतर्गत दुधारू पशु मेला/शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिले के 33 (तैंतीस) लाभुकों के बीच दुधारू गायों का वितरण किया गया। वितरण कार्य जिले के चार अधिकृत वितरकों के माध्यम से संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के गव्य विकास निदेशालय के तत्वावधान में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में झारखंड के सभी जिलों में 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग तिथियों में जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना पशुपालकों के लिए आजीविका संवर्धन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दुधारू पशुओं के वितरण से लाभुक परिवारों को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा तथा उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने लाभुकों से पशुओं का उचित रख-रखाव, समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने की अपील की, ताकि योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सके।
कार्यक्रम में जिला गव्य विकास पदाधिकारी श्रीकांत रामदास बारबुदे, भवनाथपुर एवं गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि, जिले के विभिन्न प्रखंडों के पशुचिकित्सा एवं पशुपालन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न प्रखंडों से आए लाभुक उपस्थित रहे।
🇸🇮🇷 (*”कोई भी योग्य नागरिक छूट न जाए और किसी भी अयोग्य व्यक्ति को शामिल न किया जाए”*)
☎️📞✉️
*Electors Helpline No:1950*
*Police Helpline Number:112*
*Child Helpline Number:1098*
*Women Helpline Number:181*
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









