नाबालिग आदिवासी बालिका से कथित दुष्कर्म मामले में अभाविप का आक्रोश, कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा का पुतला दहन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*

गढ़वा : सिमडेगा जिले की 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी बालिका के साथ कथित दुष्कर्म एवं यौन शोषण के गंभीर मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् गढ़वा के कार्यकर्ताओं ने शहर के रंका मोड़ चौक पर कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार एवं विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी विधायक की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच एवं पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
मौके पर अभाविप के विभाग संयोजक प्रिन्स सिंह ने कहा कि यह मामला केवल एक बालिका के साथ हुए कथित अपराध का नहीं, बल्कि उसकी अस्मिता, उसके भविष्य और आदिवासी समाज के सम्मान एवं अस्तित्व से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, आरोपी विधायक की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पीड़िता को न्याय मिले। कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। सत्ता और राजनीतिक रसूख किसी को भी कानून से ऊपर नहीं बना सकते। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए बिना किसी राजनीतिक दबाव के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे।
वहीं, जिला संयोजक राजा यादव ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके सहयोगी स्वयं को आदिवासी हितैषी बताते फिरते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके ही सहयोगी विधायक पर जनजातीय समाज की नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध के आरोप लगे हैं। यह स्थिति सरकार के आदिवासी हितैषी होने के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने के बजाय सरकार उसे राजनीतिक संरक्षण देने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा केवल नारों और भाषणों से सुनिश्चित नहीं होगी, बल्कि इसके लिए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
कहा कि बेटियों की सुरक्षा, महिला सम्मान और आदिवासी समाज के अधिकारों के सवाल पर परिषद् सदैव मुखर रही है और पीड़िता को न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
मौके पर आनन्द कुमार, लक्की कुमार, सुदीप कुमार, धनंजय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें