पलामू। सूर्य उपासना एवं लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। सोमवार की अहले सुबह व्रतियों ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन हो गया।
इसी कड़ी में मुसिखाप में भी छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सूर्या क्लब एवं गणपत क्लब की ओर से छठ घाटों पर आकर्षक पंडाल बनाए गए तथा व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। वहीं, प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुसिखाप पंचायत के पंचायत समिति सदस्य प्रवेश साव उर्फ ठेघु भाई की ओर से व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच फलाहार का वितरण किया गया। इस पहल की लोगों ने सराहना की। पर्व के दौरान सामाजिक सहयोग, आपसी भाईचारे और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने छठ महापर्व की आस्था एवं परंपरा को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर गणपत क्लब मुसिखाप पूर्वारा टोला छठ घाट पर क्लब के अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष पंकज कुमार, सचिव दीपक कुमार, उप सचिव प्रदीप राणा, महासचिव रोहित पासवान, कोषाध्यक्ष विजेंद्र कुमार, उपकोषाध्यक्ष धीरज लाल, संयोजक बुद्धि पासवान एवं मोहन यादव तथा उपसंयोजक रूपेश चन्द्रवंशी सहित क्लब के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। वहीं, नाटक मंडली के निर्देशक संतोष शर्मा एवं सहयोगी राकेश वर्मा सहित प्रमोद शर्मा, प्रमोद विश्वकर्मा, आशीष कुमार, विशाल चन्द्रवंशी, अभिषेक बाबू, सोनू पासवान, विक्की प्रजापति, सुनील पासवान, दिनेश यादव, सुभाष प्रजापति, अनिल चन्द्रवंशी, मनीष पासवान, राकेश चन्द्रवंशी एवं लवकुश कुमार चन्द्रवंशी सहित अन्य सदस्यों और ग्रामीणों का आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय सहयोग रहा।
वहीं, सूर्या क्लब के अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, उपाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह, संरक्षक अनिल शर्मा, छोटन शर्मा, बिन्दे कुमार सिंह, कमलेश कुमार सिंह, आशीष सिंह, रितेश सिंह उर्फ जपाली सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, विजय गुप्ता, विकास शर्मा उर्फ विवेक शर्मा, पंकज शर्मा, सूरज गुप्ता, अवधेश सिंह, सचिन सिंह, आर्यन सिंह उर्फ विक्की सिंह, राकेश शर्मा उर्फ छोटू शर्मा, शंभू चंद्रवंशी, बनवारी विश्वकर्मा, अमरदेव सिंह, अमर विश्वकर्मा एवं उद्घोषक राजू शर्मा सहित क्लब के अन्य सदस्य भी आयोजन के दौरान सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और छठ महापर्व के सफल आयोजन में अपना योगदान दिया।
इधर, छठ महापर्व के पावन अवसर पर दुरिया नदी की बीच धारा में विराजमान श्री मनोकामना बाबा जी के प्रांगण स्थित छठ घाट पर ग्रामीणों ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भव्य सूर्य मंदिर के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुसिखाप निवासी समाजसेवी श्रवण शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के साथ ही ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर निर्माण को साकार करने के उद्देश्य से कई ग्रामीणों ने स्वेच्छा से आगे आकर तन-मन-धन से सहयोग देने की घोषणा की। ग्रामीणों का यह सामूहिक संकल्प न केवल क्षेत्र की धार्मिक आस्था को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी धार्मिक धरोहर स्थापित करने की पहल भी है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









