आस्था का अनुपम संगम बना मिथिलेश ठाकुर का आवास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परिसर में भव्य छठ घाट का निर्माण, परिजन कर रहे छठ महापर्व

भक्ति गीतों से गूंजता रहा पूरा परिसर

गढ़वा। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। छठ महापर्व को लेकर उनका पूरा आवासीय परिसर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। परिसर की भव्य सजावट, आकर्षक विद्युत रोशनी और छठी मईया के मधुर गीतों ने यहां का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना दिया है। पूर्व मंत्री श्री ठाकुर की भाभी अमिता ठाकुर छठ व्रत कर रही हैं।

छठ महापर्व के आयोजन को लेकर पूर्व मंत्री के आवासीय परिसर में विशेष रूप से तालाब एवं भव्य छठ घाट का निर्माण कराया गया है। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां छठी मईया की आराधना के लिए श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो पूरा परिसर छठी मईया की भक्ति में लीन हो गया हो।

इस आयोजन की खास बात यह है कि यहां छठ महापर्व सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पारिवारिक आत्मीयता, सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का बड़ा संगम बन गया है। महापर्व में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के परिजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और गढ़वा के बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रहती है।

शनिवार को खरना के पावन अवसर पर जिले के लगभग सभी पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों का आवास पर पहुंचना हुआ। सभी ने छठी मईया के प्रसाद को ग्रहण किया और एक-दूसरे को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन की भव्यता और आत्मीयता को और बढ़ा दिया।

आवासीय परिसर में गूंज रहे पारंपरिक छठ गीत, जगमगाती रोशनी और श्रद्धालुओं की आवाजाही से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण नजर आ रहा है। छठी मईया के प्रति अटूट आस्था और सूर्यदेव की उपासना का यह दृश्य हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवास पर आयोजित यह भव्य छठ महापर्व गढ़वा में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत तस्वीर पेश कर रहा है। यहां उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि छठ महापर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, विश्वास और पारिवारिक-सामाजिक रिश्तों को जोड़ने वाला महान पर्व है। छठ महापर्व पर पूर्व मंत्री श्री ठाकुर के पूरे परिवार अमरनाथ ठाकुर,सुनयना ज्योति ठाकुर,
रणजीत ठाकुर,अमिता ठाकुर,
मिथिलेश ठाकुर,चंचल छाया,
विनय ठाकुर, रोज़ी ठाकुर, अमितेष, रितेश, अभिलाष, तुषार, अक्षत, आरव, ख़ुशी, स्नेहा, रीता, सौम्या, दृष्टि सहित अन्य रिश्तेदार भी शामिल होते हैं।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें