जीएन कान्वेंट स्कूल में झारखंड राज्य की स्थापना से अब तक विकास की गौरवशाली यात्रा पर परिचर्चा।” झारखंड केवल एक राज्य नहीं बल्कि संघर्ष,स्वाभिमान,संस्कृति और विकास की एक गौरवशाली पहचान है”निदेशक स्थानीय जीएन कान्वेंट(10+2) स्कूल के सभागार में झारखंड राज्य की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की समग्र विकास यात्रा पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीबीएसई द्वारा 01 से 15 नवम्बर तक चलने वाले जनजातीय गौरव कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने अपने संबोधन में झारखंड के ऐतिहासिक,सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड एक राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। यह दिन झारखंड वासियों के लिए लंबे संघर्ष,त्याग और सपनों की सफलता का प्रतीक है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राज्य की स्थापना का होना इस दिन को और भी गौरवशाली बनाता है। निदेशक ने कहा कि झारखंड शब्द झार और खण्ड के मेल से बना है जिसका शाब्दिक अर्थ झाड़, पौधा व पेड़ से आच्छादित खण्ड- स्थल है। यह प्राकृतिक संपदाओं से परिपूर्ण राज्य है। यहां कोयला, लोहा,अयस्क, तांबा,बॉक्साइट , अभ्रक आदि जैसे बहुमूल्य खनिज प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। बोकारो,जमशेदपुर, धनबाद और रांची जैसे शहर औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसकी संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत भी अनूठा है। राज्य ने पिछले वर्षों में सड़क, बिजली, संचार,परिवहन और शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है । उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और उच्च शिक्षण संस्थाओं के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सशक्तिकरण,ग्रामीण,विकास, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास किया जा रहे हैं। परिचर्चा में यह भी जिक्र करते हुए निदेशक ने कहा कि विकास की इस यात्रा में कई चुनौतियां भी मौजूद हैं। गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, पलायन,ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और आदिवासी समुदायों के विकास जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए संतुलित एवं समावेशी विकास करना समय की मांग है। झारखंड का भविष्य आज के विद्यार्थियों के हाथों में उन्हें अपनी शिक्षा,मेहनत,ईमानदारी और सकारात्मक सोच के माध्यम से राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए। साथ ही अपनी जनजातीय संस्कृति, भाषा,परंपरा और प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखना भी हम सभी का दायित्व है। हमारा संकल्प होना चाहिए की शिक्षा, विकास और एकता के बल पर झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करें। अंत में उन्होंने सभी से राज्य के उज्जवल भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा एक विकसित, शिक्षित और आत्मनिर्भर झारखंड के सपनों को सरकार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उपप्राचार्य बसंत ठाकुर,शिक्षक कृष्ण कुमार,वीरेंद्र शाह, खुर्शीद आलम, दिनेश कुमार,मुकेश भारती, नीरा शर्मा,नीलम कुमारी, सरिता दुबे, सुनीता कुमारी,चंदा कुमारी, वर्षा कुमारी, पूजा प्रकाश, हीरामन मेहता, संतोष प्रसाद आदि की भूमिका सराहनीय रही।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










