गढ़वा . छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गढ़वा जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर बुधवार को एसडीओ कुमार मयंक भूषण नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार गढ़वा सीओ ओम प्रियदर्शनी सहित अन्य पदाधिकारिओं ने गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया . इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं और पर्व को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा की. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण अभियान के तहत नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, साफ-सफाई, जलस्तर, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली. प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं
एसडीओ कुमार मयंक भूषण ने सभी छठ घाटों पर नियमित सफाई कराने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर अधिक गहरे पानी और खतरनाक स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है. ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकें और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें.
एसडीओ के द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी को छठ घाटों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के साथ कचरे के उचित प्रबंधन की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है. इस दौरान एसडीओ ने कहा की प्रशासन का उद्देश्य है कि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं हो और सभी घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जा सके। इस मौके पर विभिन्न छठ पूजा समिति के पदाधिकारी, कल्याणपुर मुखिया अशोक चंद्रवंशी, कोरवाडीह मुखिया शरीफ अंसारी,विनय चंद्रवंशी,अनिल विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









